चि‍कित्‍सकों ने बनाया 14 वर्षीय लड़की का कृत्रिम यौनांग

चि‍कित्‍सकों ने बनाया 14 वर्षीय लड़की का कृत्रिम यौनांग

सेहतराग टीम

डॉक्टरों ने इंदौर के एक सरकारी अस्पताल में जटिल सर्जरी के जरिये 14 वर्षीय लड़की का कृत्रिम यौनांग तैयार किया है। दुर्लभ जन्मजात विकृति के कारण लड़की के शरीर में यह अंग नहीं था। 

शासकीय महाराजा यशवंतराव होलकर चिकित्सालय (एमवायएच) के शिशु शल्य चिकित्सा विभाग के सहायक प्रोफेसर अशोक लड्ढा ने बताया कि करीब 10 डॉक्टरों की टीम ने सात दिन पहले विशेष सर्जरी के जरिये किशोरी का कृत्रिम यौनांग तैयार किया। इस सर्जरी में लगभग पांच घंटे लगे। मेडिकल शब्दावली में इस सर्जरी को ‘वजाइनोप्लास्टी’ कहा जाता है। 

लड्ढा ने बताया, ‘सर्जरी के दौरान सबसे पहले लड़की के पेट से आंत का एक हिस्सा काटा गया। इसकी मदद से उसका कृत्रिम यौनांग तैयार किया गया।’ 

उन्होंने बताया कि सर्जरी के बाद किशोरी की हालत पर लगातार सात दिन तक निगाह रखी गयी। इसके बाद उसे एमवायएच से शनिवार को छुट्टी दी गई।

लड्ढा ने बताया कि शरीर में यौनांग नहीं होने से किशोरी भारी मानसिक दबाव से गुजर रही थी। 

उन्होंने बताया कि वर्ष 2005 में जन्मी बच्‍ची के शरीर में उसकी पैदाइश के समय यौनांग के अलावा मलद्वार भी नहीं था। उसकी एक साल की उम्र तक एमवायएच में तीन सिलसिलेवार सर्जरी की गई, जिनके जरिये उसका कृत्रिम मलद्वार बनाया गया था।

Disclaimer: sehatraag.com पर दी गई हर जानकारी सिर्फ पाठकों के ज्ञानवर्धन के लिए है। किसी भी बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या के इलाज के लिए कृपया अपने डॉक्टर की सलाह पर ही भरोसा करें। sehatraag.com पर प्रकाशित किसी आलेख के अाधार पर अपना इलाज खुद करने पर किसी भी नुकसान की जिम्मेदारी संबंधित व्यक्ति की ही होगी।